Saturday, November 7, 2015

सर्वनाम (Pronoun in hindi)

सर्वनाम (Pronoun)


जिन शब्दों का प्रयोग संज्ञा के स्थान पर होता है, उन्हें सर्वनाम (Pronoun) कहते हैं ।
जैसे - यह, वह, हम, तुम, वे आदि ।

सर्वनाम के छः भेद (types)होते हैं - 

१) पुरुषवाचक सर्वनाम (Personal Pronoun) - जब सर्वनाम किसी व्यक्ति के लिये प्रयोग होता है, तब वह पुरुषवाचक सर्वनाम कहलाता है ।
जैसे - मैं, तू, तुम, यह, वह । 
मैं लिखता हूँ ।           तुम खीर बना‌ओ ।      वह सिपाही है । 

पुरुषवाचक सर्वनाम तीन प्रकार के होते हैं - 
क)      उत्तम पुरुष सर्वनाम (First Person) - वक्ता या लेखक अपने नाम के स्थान पर जिस सर्वनाम का प्रयोग करता हैं, उसे उत्तम पुरुष सर्वनाम कहते हैं । मैं (एकवचन) तथा हम (बहुवचन) इसके अंतर्गत आते हैं ;
जैसे - मैं नेता हूँ । हम खिलाड़ी हैं । मेरा चाचा थानेदार है ।

ख)      मध्यम पुरुष सर्वनाम (Second Person) - जिसे संबोधित किया जाये, उसके नाम के स्थान पर प्रयोग होने वाले सर्वनाम को मध्यम पुरुष सर्वनाम कहते हैं ; तू, तुम, तथा आप मध्यम पुरुष सर्वनाम के उदाहरण हैं ;
जैसे - तुम किसके नौकर हो ? तुम्हारे भा‌ई का क्या नाम है ?

ग)      अन्य पुरुष सर्वनाम (Third Person) - वक्ता तथा श्रोता से भिन्न उपस्थित अन्य तीसरे व्यक्ति या वस्तु के स्थान पर जिस सर्वनाम का प्रयोग होता है, वह अन्य पुरुष सर्वनाम कहलाता है ;
जैसे - वह कहाँ जा रहा है ?    वे आ रहे हैं ।

२)      निश्चयवाचक सर्वनाम (Definite Pronoun) - वे सर्वनाम जो किसी निश्चित व्यक्ति या वस्तु की ओर संकेत करते हैं ; जैसे - यह,वह ।
यह संगीत का विद्यालय है ।              वह कुतुब मीनार है ।

३)      अनिश्चयवाचक सर्वनाम (Indefinite Pronoun) - वे सर्वनाम जो किसी अनिश्चित व्यक्ति या वस्तु के लिये प्रयुक्त होते हैं ; जैसे - को‌ई, कुछ ;
यह कूड़ा किसी शरारती स्त्री ने फेंका होगा ।    को‌ई इसे यहां से ले जाओ ।

४)      प्रश्नवाचक सर्वनाम (Interrogative Pronoun) - वे सर्वनाम जिनका प्रयोग किसी व्यक्ति या वस्तु के संबंध में प्रश्न पूछ्ने के लिये होता है ; जैसे - कौन, क्या ।
बाहर कौन आया ?     क्या वह दूधवाला है ?

५)      निजवाचक सर्वनाम (Reflexive Pronoun) - जो सर्वनाम पुरुषवाचक सर्वनाम के अपनेपन का बोध कराता है, वह निजवाचक सर्वनाम कहलाता है । जैसे - अपना, अपनी, अपने, अपने-आप, स्वयं, खुद आदि ।
मैं स्वयं कपड़े पहन लूँगा ।

६)      संबंधवाचक सर्वनाम (Relative Pronoun) - वे सर्वनाम जिनका प्रयोग साथ में आ‌ए किसी अन्य उपवाक्य में प्रयुक्त संज्ञा या सर्वनाम से संबंध बताने के लिये किया जाता है ; जैसे - जो-वह, जो-वे, जो-सो ।



जो मेहनत करेगा वह पास होगा ।       जैसी करनी वैसी भरनी ।

संज्ञा (NOUN in hindi)

संज्ञा  (NOUN)


जो शब्द किसी व्यक्ति, वस्तु, स्थान, विचार या भाव के स्थान पर प्रयोग किये जाते हैं, उन्हें संज्ञा (Noun) कहते हैं।
जैसे - राम, विद्यार्थी, दिल्ली, कुर्सी, जवानी, बुढ़ापा आदि ।

संज्ञा के तीन भेद होते हैं –
अ)     व्यक्तिवाचक संज्ञा (Proper Noun)- जब संज्ञा किसी विशेष व्यक्ति, प्राणी, स्थान और वस्तु का बोध कराती है, तब वह व्यक्तिवाचक संज्ञा कहलाती है ।
जैसे - हरि (व्यक्ति), जापान (देश), माउंट आबू (पर्वत) ।

ख)      जातिवाचक संज्ञा (Common Noun)- जब संज्ञा से जाति, वर्ग या समूह का बोध होता है, तब उसे जातिवाचक संज्ञा कहते हैं ।
जैसे - नदी, पर्वत, देश, औरत, शेर आदि ।

ग)      भाववाचक संज्ञा (Abstract Noun)- जब संज्ञा किसी गुण, स्वभाव, भाव, स्थिति या अवस्था का बोध कराती है, तब वह भाववाचक संज्ञा कहलाती है ।जैसे - प्रेम, ममता, बचपन, शीतलता, सच्चाई, ईमानदारी, बुढ़ापा, मूर्खता आदि ।

इसके अतिरिक्त दो प्रकार की संज्ञा और होती है ।

समुदायवाचक संज्ञा (Collective Noun) - जो शब्द किसी समुदाय या समूह (group) का बोध कराते हैं, समूदायवाचक संज्ञा कहलाते हैं ।
जैसे - टोली, भीड़, गुच्छा, ढेर, Team, Gang आदि ।

द्रव्यवाचक संज्ञा (Material Noun) - जिन शब्दों से वस्तु की धातु तथा तरलता का बोध हो वे द्रव्यवाचक संज्ञा कहलाते हैं ।

जैसे - तेल, सोना, तांबा, दूध आदि ।